देहरादून। छात्रसंघ चुनाव को लेकर देहरादून के कॉलेजों में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने शहर के तीन प्रमुख महाविद्यालयों में अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। संगठन ने डीएवी पीजी कॉलेज और डीबीएस पीजी कॉलेज में अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि एमकेपी पीजी कॉलेज में अध्यक्ष समेत प्रमुख पदों के लिए पूरा पैनल मैदान में उतारा है।
प्रत्याशियों के नामों की घोषणा NSUI के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी ने कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान की। डीएवी पीजी कॉलेज में अध्यक्ष पद के लिए सौरभ सेमवाल को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं, डीबीएस पीजी कॉलेज में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अभिनव कफलिया को दी गई है।
एमकेपी पीजी कॉलेज में संगठन ने अध्यक्ष पद के साथ अन्य प्रमुख पदों के लिए भी अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं। यहां प्राची शर्मा को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया गया है। उपाध्यक्ष पद पर मोनिका, सहसचिव पद पर संजना, महासचिव पद पर प्रीति और कोषाध्यक्ष पद पर मोनिका रौथान को मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद के लिए सलोनी को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
छात्रसंघ चुनाव को लेकर दून के महाविद्यालयों में गतिविधियां बढ़ गई हैं। प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही चुनावी तैयारियों और छात्र संगठनों की सक्रियता भी तेज होने लगी है। इससे पहले डीएवी पीजी कॉलेज में चुनाव से एक दिन पहले छात्रों के आमने-सामने आने की खबर भी सामने आई थी।
NSUI की ओर से प्रत्याशियों की घोषणा के बाद अब अन्य छात्र संगठनों की तैयारियों और उम्मीदवारों की घोषणा पर भी नजर है। छात्रसंघ चुनाव के मद्देनजर कॉलेज परिसरों में चुनावी माहौल लगातार गर्माता जा रहा है।
