देहरादून। राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण रहा। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्य के दो शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया। इनमें हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की शिक्षिका मनीषा निगम और पौड़ी जिले के प्रधानाध्यापक गबर सिंह बिष्ट शामिल हैं।
मनीषा निगम का चयन केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की ओर से नेशनल अवार्ड टू टीचर्स के लिए किया गया था। देशभर से चुने गए 21 शिक्षकों में उनका नाम शामिल रहा। उन्हें उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। पुरस्कार के तहत उन्हें प्रशस्ति-पत्र, 50 हजार रुपये की राशि और रजत पदक दिया गया।
वहीं, पौड़ी जिले के राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय मुस्याखांद के प्रधानाध्यापक गबर सिंह बिष्ट को विद्यालयी शिक्षा के क्षेत्र में उत्तराखंड से एकमात्र शिक्षक के रूप में राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। वह वर्ष 2003 से इसी विद्यालय में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और किए गए नवाचारों को देखते हुए उनका चयन राष्ट्रीय सम्मान के लिए किया गया।
राष्ट्रपति के हाथों सम्मान मिलने के बाद दोनों शिक्षकों की उपलब्धि से उत्तराखंड के शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है। यह सम्मान प्रदेश के शिक्षकों के लिए भी प्रेरणा का संदेश माना जा रहा है।
