देहरादून। उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश में अगले चार महीनों के भीतर चार बड़े रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित होने वाले इन मेलों के जरिए करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इसकी जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार, रोजगार मेलों में से दो का आयोजन गढ़वाल मंडल और दो का आयोजन कुमाऊं मंडल में किया जाएगा। गढ़वाल में श्रीनगर और देहरादून, जबकि कुमाऊं में काशीपुर और अल्मोड़ा में रोजगार मेले लगाए जाएंगे। इनमें देश की विभिन्न बहुराष्ट्रीय कंपनियां हिस्सा लेंगी और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी।
इन रोजगार मेलों में पॉलीटेक्निक, आईटीआई और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों के पास आउट तथा अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राएं शामिल हो सकेंगे। इसके अलावा विद्यालयी शिक्षा के व्यावसायिक पाठ्यक्रम कर चुके विद्यार्थियों को भी अवसर मिलेगा। उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवा भी निजी कंपनियों में रोजगार के लिए आवेदन कर सकेंगे।
युवाओं की सुविधा के लिए विभाग जल्द ही मुफ्त ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करेगा। तकनीकी शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू करने के निर्देश दिए हैं। रोजगार मेलों के आयोजन में विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, सेवायोजन और कौशल विकास विभाग भी सहयोग करेंगे।
सरकार के अनुसार, अब तक प्रदेश में स्थायी, संविदा और आउटसोर्स माध्यम से करीब 42 हजार युवाओं को रोजगार दिया जा चुका है। आगामी चार रोजगार मेले इस अभियान को और गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं।
