देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देते हुए नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की ओर से जारी सूची में संगठन के विभिन्न पदों पर वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ युवा चेहरों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही संगठन को अधिक प्रभावी और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से पांच नई समितियों का भी गठन किया गया हैं।
नई कार्यकारिणी में गोदावरी थपलियाल को प्रदेश कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा 24 नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष, 36 नेताओं को प्रदेश महासचिव तथा 107 नेताओं को प्रदेश सचिव बनाया गया है। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि नई टीम में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि संगठन राज्य के प्रत्येक जिले और वर्ग तक अपनी पहुंच मजबूत कर सके।
कांग्रेस नेतृत्व के अनुसार, कार्यकारिणी के साथ गठित पांच नई समितियां संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क अभियान, चुनावी रणनीति, समन्वय और विभिन्न मोर्चों के संचालन में अहम भूमिका निभाएंगी। इन समितियों का उद्देश्य पार्टी के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि नई टीम पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करेगी तथा जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों से पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का आह्वान किया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि प्रदेश कार्यकारिणी का यह पुनर्गठन 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को नई दिशा देने की रणनीति का हिस्सा है। हाल के दिनों में कांग्रेस लगातार संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और जिला स्तर तक नई जिम्मेदारियां सौंपने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। नई नियुक्तियों से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ने और चुनावी तैयारियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
