चमोली। प्री-मानसून की तेज बारिश ने शुक्रवार को चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कुछ ही घंटों की मूसलाधार बारिश से बाजार और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जबकि पहाड़ियों से आए मलबे और तेज बहाव का पानी कई दुकानों में घुस गया। इससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
बारिश के दौरान कई स्थानों पर नालियां उफान पर आ गईं, जिससे सड़कें पानी और मलबे से भर गईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि अचानक तेज बारिश के कारण दुकानों में रखा सामान भीग गया और कई स्थानों पर आवागमन प्रभावित हुआ। प्रशासन और स्थानीय निकाय की टीमें मौके पर पहुंचकर जल निकासी और मलबा हटाने के कार्य में जुट गईं। प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। यदि बारिश का दौर जारी रहता है तो संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त एहतियाती कदम उठाए जाएंगे, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान से बचा जा सके।
