देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की शुरुआत सोमवार से हो गई है। इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करेंगे और उनसे संबंधित जानकारी का सत्यापन करेंगे। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है।

निर्वाचन विभाग के अनुसार यह अभियान 8 जून से 7 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान BLO प्रत्येक घर पर पहुंचकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र देंगे और भरे हुए फॉर्म वापस भी एकत्र करेंगे। यदि किसी घर पर पहली बार मतदाता नहीं मिलता है तो BLO दोबारा और आवश्यकता पड़ने पर तीसरी बार भी वहां जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।

राज्य में सभी विधानसभा क्षेत्रों के BLO का प्रशिक्षण पूरा कर लिया गया है तथा गणना प्रपत्रों की छपाई और वितरण की तैयारी भी पूरी हो चुकी है। निर्वाचन विभाग के मुताबिक प्रदेश के लगभग 79 लाख 60 हजार मतदाताओं तक यह प्रपत्र पहुंचाए जाएंगे। मतदाता चाहें तो निर्वाचन आयोग के ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से भी फॉर्म डाउनलोड कर ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।

अभियान के तहत प्राप्त आंकड़ों के आधार पर 14 जुलाई को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद दावे और आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी तथा सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। निर्वाचन विभाग ने सभी मतदाताओं से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है।