देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र उत्तराखंड भाजपा ने अपनी रणनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। हाल ही में नरेंद्र मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह के अप्रत्यक्ष संदेशों से कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने के बाद अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के तीन दिवसीय दौरे को लेकर संगठन पूरी तरह सक्रिय हो गया है।

इस दौरान राज्य की सभी 70 विधानसभा सीटों पर व्यापक मंथन किया जाएगा। पार्टी यह आकलन करेगी कि किन विधायकों को दोबारा टिकट दिया जाए और किन क्षेत्रों में नए चेहरों को उतारा जाए। साथ ही, कुछ सीटों पर विपक्ष के मजबूत नेताओं को भाजपा में शामिल कर टिकट देने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि इस दौरे में मंडल से लेकर प्रदेश स्तर तक कई महत्वपूर्ण बैठकें होंगी। देहरादून स्थित पार्टी मुख्यालय में कोर ग्रुप की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

बैठकों में राज्य के मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य, विधानसभा-वार तैयारियों, जन मुद्दों और विधायकों के प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभाव का भी मूल्यांकन होगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा 2027 विधानसभा चुनावों की रणनीति तय करने में निर्णायक माना जा रहा है। इसके साथ ही वे जिला और मंडल स्तर पर बैठकों के जरिए जमीनी हकीकत का भी आकलन करेंगे।