रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब महाराष्ट्र के यात्रियों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। घटना गुप्तकाशी से आगे जुरानी बैरियर के पास हुई, जहां वाहन करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिर गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और यातायात विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। यातायात निरीक्षक, इंटरसेप्टर टीम, कोतवाली गुप्तकाशी पुलिस और चौकी फाटा के जवान मौके पर पहुंचे। खराब मौसम और दुर्गम क्षेत्र के बावजूद टीमों ने समन्वय के साथ तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

कार में चालक सहित तीन महिला यात्री सवार थीं, जो महाराष्ट्र की निवासी बताई जा रही हैं। राहत एवं बचाव दल ने सभी को सुरक्षित खाई से बाहर निकाल लिया। इसके बाद घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे पर्वतीय मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखें।