देहरादून। उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन ने इंटरमीडिएट (कक्षा 12) परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। इस वर्ष कुल पास प्रतिशत 85.11% दर्ज किया गया, जो पिछले वर्षों की तुलना में संतोषजनक प्रदर्शन माना जा रहा है।

परिणाम में छात्राओं ने एक बार फिर बाजी मारी है। छात्राओं का कुल पास प्रतिशत 88.09% रहा, जबकि छात्रों का पास प्रतिशत 81.93% दर्ज किया गया। यह अंतर शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों की निरंतर प्रगति को दर्शाता है।

इस वर्ष प्रदेश में गीतिका पंत और सुशीला मेहंदीरा्टा ने संयुक्त रूप से 98% अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, आर्यन ने 97.80% अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि वंशिका 97% अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

श्रेणीवार परिणाम की बात करें तो 41.32% विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की, जबकि 34.82% छात्र द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। तृतीय श्रेणी में मात्र 0.32% छात्र पास हुए। इसके अलावा, 7.77% विद्यार्थियों ने विशिष्ट (डिस्टिंक्शन) अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

जिलावार प्रदर्शन में बागेश्वर जिला 94.81% परिणाम के साथ प्रदेश में शीर्ष स्थान पर रहा, जो इस वर्ष का सबसे बेहतर प्रदर्शन है।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने छात्रों की मेहनत और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी हैं तथा असफल छात्रों को निराश न होने और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया है।