Cars in long row on highway in traffic jam

चमोली। चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने यातायात को लेकर अहम दिशा-निर्देश जारी किए हैं। गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यात्रा के दौरान रात के समय हाईवे पर यात्री वाहनों के संचालन पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा।

निर्देशों के तहत, सभी यात्री वाहन केवल सुबह 4 बजे से रात 10 बजे तक ही संचालित किए जा सकेंगे। रात 10 बजे के बाद से सुबह 4 बजे तक किसी भी यात्री वाहन को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, इस दौरान ट्रक और अन्य भारी वाहन निर्धारित नियमों के तहत संचालित होते रहेंगे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कदम यात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए उठाया गया है। इसके साथ ही पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। हाईवे पर भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि इन निर्देशों का उद्देश्य यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाना है, जिससे सभी श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

You missed