देहरादून। मौसम विभाग ने 15 अप्रैल की रात से एक नए लेकिन कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना जताई है। इसके प्रभाव से पूरे सप्ताह उत्तराखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि 15 अप्रैल को राज्य के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन 16 अप्रैल से मौसम करवट लेगा।
विभाग के अनुसार 16 से 19 अप्रैल के बीच विशेष रूप से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, आंधी-तूफान और 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला 20 अप्रैल तक जारी रह सकता है।
इस मौसम परिवर्तन का असर आगामी चारधाम यात्रा पर भी पड़ सकता है। 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने हैं, ऐसे में ताजा बर्फबारी से यात्रा मार्गों को सुगम बनाने में दिक्कतें आ सकती हैं। केदारनाथ में पहले से ही करीब चार फुट बर्फ जमी हुई है, जबकि यमुनोत्री क्षेत्र में हालिया बर्फबारी से रास्ते चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।
दैनिक पूर्वानुमान के अनुसार 16 अप्रैल को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की वर्षा या बर्फबारी संभव है। 17 और 18 अप्रैल को पांचों पहाड़ी जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। 19 और 20 अप्रैल को भी कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ वर्षा और बर्फबारी जारी रह सकती है।
वहीं, मैदानी इलाकों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना फिलहाल कम है। हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून में अगले चार से पांच दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। देहरादून में 17 अप्रैल के बाद हल्की गिरावट संभव है।
तापमान की बात करें तो पंतनगर में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पहाड़ों में ठंड बढ़ने के साथ ही लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
