नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र स्थित मेहरागांव में निर्माण कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। गुरुवार शाम दीवार निर्माण का काम कर रहे मजदूरों के ऊपर अचानक पहाड़ी से मलबा गिर गया। इस हादसे में दो मजदूरों की दबकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मजदूर को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली पहुंचाया।
दीवार निर्माण के दौरान गिरा मलबा
जानकारी के अनुसार, मेहरागांव में एक निर्माण स्थल पर दीवार बनाने का काम चल रहा था। गुरुवार शाम करीब छह बजे मजदूर अपने काम में जुटे हुए थे। इसी दौरान अचानक ऊपर स्थित पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा नीचे आ गिरा। मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे मलबे की चपेट में आ गए।
हादसे में गौरी देवी (38), निवासी निशौला, भीमताल और मूल निवासी लालकुआं, तथा हरीश थापा (18), निवासी नेपाल, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, नेपाल निवासी नेत्र सिंह घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी घटनास्थल पर जुट गए।
ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। परिजनों ने निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और मामले की जांच शुरू की।
कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार यादव के अनुसार, निर्माण स्थल पर दीवार बनाने के दौरान पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण भी किया गया और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस प्रथम दृष्टया हादसे में लापरवाही की आशंका को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे ने पहाड़ी क्षेत्रों में निर्माण कार्यों के दौरान मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहाड़ों के आसपास दीवार निर्माण और अन्य कार्य करते समय मलबा गिरने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में सुरक्षा उपायों का पालन करना बेहद जरूरी है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
