हरिद्वार। हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला को होटल में ले जाकर कथित दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑटो चालक, कार चालक और होटल मैनेजर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात महिला हरिद्वार बस अड्डे के पास पहुंची और एक ऑटो में सवार हुई। कुछ दूरी तय करने के बाद ऑटो चालक ने उसे कथित रूप से एक कार में बैठा दिया। आरोप है कि कार चालक महिला को बातों में उलझाकर शिवमूर्ति गली स्थित ‘सुकून गेस्ट हाउस’ ले गया। वहां होटल मैनेजर ने बिना पहचान पत्र लिए और बिना रजिस्टर में एंट्री किए कमरा उपलब्ध करा दिया।

महिला की शिकायत के मुताबिक, कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया, जबकि तीसरे आरोपी ने सहयोग किया। किसी तरह वहां से निकलकर महिला नगर कोतवाली पहुंची और घटना की जानकारी दी। शिकायत में श्याम और अंकित पर दुष्कर्म तथा गोविंदा पर सहयोग का आरोप लगाया गया है।

शहर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। रविवार को तीनों आरोपियों को घोड़ा घाट के पास नहर पटरी से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।