दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 9:49 बजे पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि गांधी नगर स्थित महिला कॉलोनी के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही गीता कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसकेवी नंबर-1 स्कूल की बाउंड्री वॉल के पास एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और आसपास खून फैला हुआ था।
पीसीआर कॉलर अखिलेश ने मृतक की पहचान 36 वर्षीय धनुआ के रूप में की, जो उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले का निवासी था। वह दिल्ली में मटका बनाने का काम करता था और रिक्शा चलाकर भी अपनी आजीविका चलाता था।
जांच में सामने आया कि धनुआ शनिवार रात अपने दोस्त बंटी के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि बंटी ने पास पड़ा लकड़ी का डंडा उठाकर धनुआ के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से धनुआ जमीन पर गिर पड़ा और उसके मुंह से खून बहने लगा। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी बंटी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
