नॉर्थ-ईस्ट में हो रही बारिश ने चारों ओर तबाही जैसा मंजर ला दिया है। बारिश के चलते हाहाकार मच गया है, वहीं कई राज्यों में लोग बारिश से बुरी तरह प्रभावित हो गए है। बात अगर मणिपुर की करें तो यहां पर भारी तबाही देखने को मिली है। बाढ़ के कारण 19 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों द्वारा इसकी जानकारी दी गई है। पिछले चार दिनों में लगातार मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ से 3,365 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। ऐसे में लोगों की मुश्किलों को कम करने के लिए 31 राहत शिविर कैंप खोले गए हैं, जिनमें से अधिकतर इंफाल पूर्वी जिले में हैं।

इन जिलों में बारिश की तबाही

सेनापति जिले के साथ-साथ इंफाल पूर्वी जिले के हीनगांग, वांगखेई और खुरई विधानसभा क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हैं। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों असम, सिक्क्म, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर में लगातार बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से कई की मौत हो गई और कई घायल हैं।

सिक्किम में 32 लोगों की मौत

वहीं सिक्किम में फंसे पर्यटकों को अब पुलिस, निवासियों, वन कर्मियों और लाचुंग होटल एसोसिएशन की कोशिश से सक्रिय रूप से निकाला जा रहा है। बताया जा रहा है 32 लोगों की मौत हो गई। लाचुंग होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष ग्यात्सो लाचुंगपा स्थानीय प्रशासन के सहयोग से जमीनी स्तर पर निकासी अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं।

अरुणाचल प्रदेश में किया गया 14 लोगों का रेस्क्यू 

अरुणाचल प्रदेश की बात करें इस राज्य में सेना ने अब 14 लोगों का रेस्क्यू कर लिया है। भारतीय वायु सेना (आईएएफ) ने आज एक महत्वपूर्ण मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) अभियान सफलतापूर्वक चलाया, जिसमें अरुणाचल प्रदेश की निचली दिबांग घाटी में बाढ़ग्रस्त बोमजीर नदी में फंसे 14 व्यक्तियों को बचाया गया।गुवाहाटी के रक्षा जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, असम और अरुणाचल प्रदेश के राज्य प्रशासनों के तत्काल अनुरोध के जवाब में यह अभियान शुरू किया गया। भीषण बाढ़ के कारण फंसे हुए व्यक्तियों को आईएएफ के एमआई-17 हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल करके सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। सेप्पा पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाढ़ के कारण सात लोगों की मौत हो गई।

गृह मंत्री अमित शाह ने की कई राज्यों के सीएम से बात

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम, मणिपुर, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से इन राज्यों में हो रही भारी बारिश के बारे में बात की।

अरुणाचल में 6 जून तक बारिश की संभावना

मौसम  विभाग (आईएमडी) ने आगामी सप्ताह, 6 जून तक के लिए अरुणाचल प्रदेश के लिए चेतावनी जारी की है। बताया जा रहा है 6 जून तक भारी बारिश होगी।