पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जनपद के अस्कोट थाना क्षेत्र के घिंघरानी गांव में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और गांव में चल रही शादी की खुशियां भी मातम में बदल गईं।

जानकारी के अनुसार, नेपाल सीमा के समीप स्थित द्वालीसेरा गांव में बुधवार रात एक शादी समारोह आयोजित था, जिसमें गांव के निवासी भुवन प्रसाद (50) अपनी पत्नी गीता देवी (38) के साथ शामिल हुए थे। समारोह के दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर भुवन प्रसाद ने कुल्हाड़ी से गीता देवी पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी तब मिली जब आरोपी के परिजनों के चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि गीता देवी का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी केएस रावत के अनुसार, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि मृतका के दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें से एक बेटा और एक बेटी विवाहित हैं। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और शोक का माहौल बना हुआ है।