पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान एक बांग्लादेशी नागरिक को अवैध रूप से भारत में रह रहे होने पर गिरफ्तार किया गया।
कोतवाली लक्ष्मणझूला पुलिस और अभिसूचना इकाई की टीम ने रामझूला रोड स्थित काली मंदिर के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान सनीउर रहमान उर्फ सत्यसाधू (39 वर्ष) के रूप में बताई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी बांग्लादेश के फरीदपुर का निवासी है और वह वर्ष 2016 से बिना वैध वीजा के भारत में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हिंदू नाम और वेशभूषा अपनाई थी, जिसमें माथे पर तिलक लगाना भी शामिल था। उसने दिल्ली के पते पर फर्जी नाम से आधार कार्ड बनवाकर लंबे समय तक पहचान छिपाए रखी।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक एक्सपायर बांग्लादेशी पासपोर्ट, फर्जी आधार कार्ड, तीन मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, टैबलेट और पेन ड्राइव सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के संपर्क किन-किन लोगों से थे तथा वह किन गतिविधियों में शामिल रहा है।
