देहरादून। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। चमोली और मसूरी समेत कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का असर देखने को मिला। चमोली के गोपेश्वर में दोपहर के समय कुछ देर के लिए ओलावृष्टि हुई, जबकि मसूरी में तेज बारिश के साथ ओले गिरने से मौसम में ठंडक लौट आई।
बारिश के चलते मसूरी में सड़कों की नालियां जाम हो गईं, जिससे बरसात का पानी सड़कों पर बहता नजर आया। अचानक बदले मौसम ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं जनजीवन भी आंशिक रूप से प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ जिलों में पांच मई तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
विशेष रूप से देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में ओलावृष्टि और तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि प्रदेशभर में अगले 24 से 48 घंटों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार पांच मई तक कुछ इलाकों में बारिश का दौर जारी रहेगा।
मौसम विभाग ने किसानों और आमजन से सतर्क रहने तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
