Uttarakhand : उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदा के कारण क्षतिग्रस्त हुए स्कूल भवनों के पुनर्निर्माण व मरम्मत के लिए राज्य सरकार ने राज्य आपदा मोचन निधि (SDRF) से 30 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इस बजट को प्राथमिक शिक्षा और माध्यमिक शिक्षा के लिए 15-15 करोड़ रुपये के रूप में बराबर बांटा गया है।
शिक्षा महानिदेशालय ने राज्य के सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों (CEO) को जारी राशि का अविलंब उपयोग करते हुए निर्माण कार्य को मार्च 2027 तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया है। स्वीकृत बजट का इस्तेमाल आपदा प्रभावित विद्यालय भवनों, बाउंड्री वॉल, खेल के मैदानों, शौचालयों और अन्य बुनियादी संपत्तियों की मरम्मत तथा पुनर्निर्माण के लिए किया जाएगा।
विद्यालयी शिक्षा महानिदेशक आकांक्षा कोंडे ने इस विषय में समस्त जिला मुख्य शिक्षा अधिकारियों को आधिकारिक पत्र भेजा है। निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समयावधि के भीतर कार्य संपन्न कराने के साथ ही निर्माण की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
Uttarakhand : जिलों को बजट आवंटन का ब्योरा
चमोली, पिथौरागढ़, चंपावत, उत्तरकाशी, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा जिलों में प्राथमिक विद्यालयों के लिए सवा-सवा करोड़ रुपये (₹1.25 करोड़) आवंटित किए गए हैं।
वहीं अन्य जिलों जैसे हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और ऊधमसिंह नगर को एक-एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी गई है। माध्यमिक विद्यालयों के लिए इन्हीं जिलों को समान अनुपात में धनराशि दी गई है।
सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को आगामी मार्च तक बजट खर्च का उपयोगिता प्रमाण पत्र (Utilization Certificate) शिक्षा महानिदेशालय को भेजना अनिवार्य होगा।
Also Read : Uttarakhand : 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनभोगियों को बड़ी राहत, अब घर बैठे जमा होगा जीवन प्रमाण-पत्र
