हल्द्वानी। हल्द्वानी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर महंगाई नियंत्रण को लेकर उत्तराखंड मंडी परिषद ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों और मंडी सचिवों के साथ कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में तय हुआ कि प्रत्येक मंडी समिति में पांच बड़े रिटेलर काउंटर स्थापित किए जाएंगे, जहां आम जनता को फल, सब्जी और अन्य आवश्यक वस्तुएं उचित मूल्य पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा, मोबाइल वैन के माध्यम से भी सस्ती दरों पर सामग्री उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। सचिवों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रतिदिन तीन सदस्यीय सचल दल गठित कर बाजार का निरीक्षण करें और खुदरा कीमतों का आकलन कर रिपोर्ट मुख्यालय को भेजें।
चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान महंगाई पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिक कीमत वसूलने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
वहीं, मंडी परिसर में सफाई कर्मचारियों ने वेतन और पीएफ भुगतान न होने पर कार्य बहिष्कार किया। कर्मचारियों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए समय पर भुगतान की मांग की है। प्रशासन ने मामले में ठेकेदार को नोटिस जारी करने की बात कही है।
इधर, मंडी परिसर में लगाए जा रहे बूम बैरियर को लेकर व्यापारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि इससे ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ सकती है। हालांकि प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए यह कदम आवश्यक बताया है।
