चमोली। चमोली जिले में मंडल-चोपता मार्ग पर बृहस्पतिवार को भारतीय सेना का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें दो जवान घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब सेना के जवान “सूर्य देवभूमि चैलेंज” प्रतियोगिता के तहत नेटवर्किंग व्यवस्था स्थापित करने के लिए चोपता गए थे और वापस मंडल की ओर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना स्थल पूरी तरह से निर्जन क्षेत्र में स्थित है, जहां मोबाइल नेटवर्क भी उपलब्ध नहीं है। इसी दौरान चोपता से गोपेश्वर की ओर जा रहे एक वाहन चालक की नजर खाई में गिरे सेना के वाहन पर पड़ी। चालक ने तत्काल नीचे उतरकर दोनों घायलों को बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया।
इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों जवानों को निजी वाहन से जिला अस्पताल गोपेश्वर ले जाया गया। घायलों में जाबाज सिंह (29), निवासी भिवानी (हरियाणा) और धवन सिंह (23) शामिल हैं, जो आर्मी की सिग्नल कंपनी में तैनात हैं। गंभीर रूप से घायल एक जवान को सेना के हेलीकॉप्टर के माध्यम से हायर सेंटर रेफर किया गया है।
