crime12

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में डबल मर्डर से सनसनी मच गई है। रुद्रपुर की गल्ला मंडी में सोमवार की तड़के बाप और बेटे की गोली मारकर हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच में जुट गई है।

उत्तराखंड में डबल मर्डर से सनसनी

ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर की गल्ला मंडी में डबल मर्डर की दिल दहला देने वाली घटना से हर कोई हैरान है। मिली जानकारी के मुताबिक दुकान विवाद के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया है। बताया जा रहा है कि गल्ला मंडी में लुधियाना एग्रो ट्रेडर्स को लेकर दुकान मालिक गुरमेज सिंह निवासी ईश्वर कॉलोनी और मॉडल कॉलोनी निवासी दिनेश सलूजा और अवधेश सलूजा के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था।

बाप-बेटे की गोली मारकर हत्या

दिनेश पक्ष के लोग सोमवार तड़के दुकान पर कब्जा करने के लिए जेसीबी लेकर पहुंच गए। इस बात की जानकारी गुरमेज को दुकान पर लगे सीसीटीवी से मिली। जिसके बाद वो अपने बेटे हनी और मनप्रीत के साथ दुकान पर पहुंचे थे। उनके दुकान के पास आते ही दुकान पर कब्जा कर रहे लोगों ने उन पर फायरिंग कर दी। जिसमें गुरमेज (60) के पैर और मनप्रीत (26) के सीने में गोली लगी। जबकि हनी ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई।

आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच में जुट गई है। जबकि फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू कर दी है।

You missed