देहरादून। NEET (UG) 2026 की पुनर्परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए देहरादून प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। जिले के सभी परीक्षा केंद्रों को पांच जोन में विभाजित किया गया है, जहां वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है।
प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी है। इसके तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, धरना-प्रदर्शन, जुलूस, नारेबाजी और लाउडस्पीकर के उपयोग पर रोक रहेगी। हथियार, लाठी-डंडे और अन्य आपत्तिजनक सामग्री लेकर आने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन से लेकर परीक्षा समाप्त होने तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी को प्रभारी बनाया गया है। केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई है और पिछले कई दिनों से पुलिस लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रही है।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पहुंचें, सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।
