देहरादून। विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के बरोटीवाला स्थित ग्रेट वैल्यू स्कूल में बुधवार तड़के लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई। नकाबपोश बदमाशों ने स्कूल परिसर में रह रहे प्रधानाचार्य के परिवार को बंधक बनाकर घर में रखी नकदी और सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। बदमाश करीब 90 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के जेवर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, स्कूल की प्रधानाचार्य नीलम राठौर अपने पति गोपाल सिंह राठौर और बेटे आरव राठौर के साथ परिसर में रह रही थीं। बुधवार तड़के बदमाश स्कूल परिसर में दाखिल हुए और परिवार के तीनों सदस्यों को बंधक बना लिया। इसके बाद उन्होंने घर में रखे सामान और अलमारियों को खंगालना शुरू कर दिया। बदमाशों ने सोने-चांदी के आभूषणों के साथ करीब 90 हजार रुपये की नकदी अपने कब्जे में ले ली।

दरवाजे का पेंच खोलकर घुसे बदमाश

कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण के मुताबिक, बदमाश बाहर लगे दरवाजे का पेंच खोलकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने दरवाजे पर लगी जाली निकाली और अंदर के दरवाजे की कुंडी खोलकर परिसर में प्रवेश किया। बदमाशों ने महत्वपूर्ण दस्तावेज वाली अलमारियों को भी खंगाला।

प्रधानाचार्य को मारने की सुपारी मिलने का दावा

प्रधानाचार्य नीलम राठौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बदमाशों ने उनसे कहा कि उन्हें स्कूल की प्रधानाचार्य को मारने की सुपारी मिली है। हालांकि, बदमाश इस बात से अनजान थे कि जिनसे वे पूछताछ कर रहे हैं, वही स्कूल की प्रधानाचार्य हैं। उन्होंने प्रधानाचार्य के बारे में पूछा, जिस पर नीलम ने बताया कि प्रधानाचार्य अजीत नगर में रहती हैं। पुलिस इस दावे को भी जांच के एक पहलू के तौर पर देख रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही बदमाशों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द खुलासा करने के प्रयास जारी हैं।