Dehradun : स्पा सेंटर में अपने पति के बारे में पूछताछ करने गई गर्भवती महिला के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। आरोप है कि आरोपियों ने उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर का स्प्रे किया और उसे स्पा सेंटर के भीतर खींचकर ले जाने की कोशिश भी की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एक महिला को नामजद करते हुए अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देहरादून के खुडबुडा क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता साइमा ने पटेलनगर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 19 नवंबर को दोपहर करीब 1 बजे वह मंडी चौक के नजदीक अमेनज़ स्पा सेंटर में अपने पति की जानकारी लेने पहुंची थी, लेकिन स्पा कर्मियों ने पति के बारे में बताने से इनकार कर दिया।
आरोप है कि जब वह लौटने लगी तो पार्किंग गेट के पास एक काली कार आकर रुकी, जिसमें से एक महिला और एक पुरुष बाहर निकले और गाली-गलौज के बाद मारपीट करने लगे। आरोपों के मुताबिक, इसी दौरान आरोपियों ने पीड़िता की आंखों में मिर्ची पाउडर स्प्रे कर दिया और उसे जबरन खींचकर स्पा सेंटर के अंदर ले जाने का प्रयास किया।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता के अनुसार, वह तीन माह की गर्भवती है। पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी नेहा समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
Also Read : News : गैंगस्टर गोल्डी बराड़ पर FBI की बड़ी कार्रवाई, टॉप-10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में डाला
