हरिद्वार। गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह के दूसरे चरण के तहत हरिद्वार में दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत समारोह में शामिल हुए। इस दौरान माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में विशेष डाक टिकट का विमोचन किया जाएगा। कार्यक्रम में देशभर से हजारों गायत्री परिवार के सदस्य, संत-महात्मा और विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख लोग शामिल हो रहे हैं।

हरिद्वार स्थित शांतिकुंज और देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित समारोह 21 और 22 नवंबर को होगा। आयोजन का उद्देश्य आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक जागरूकता, संस्कारयुक्त समाज और राष्ट्र निर्माण के विचारों को आगे बढ़ाना है। गायत्री परिवार की ओर से इस आयोजन में देश-विदेश के करीब 40 देशों से 24 हजार से अधिक परिजनों के पहुंचने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही देशभर के 5,590 से अधिक गायत्री परिवार केंद्रों के कार्यकर्ता भी कार्यक्रम से जुड़ेंगे।

समारोह के दौरान ध्वजारोहण, कलश यात्रा, संत समागम, सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श और दीप यज्ञ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन के प्रमुख सत्रों में सामाजिक समरसता, नशामुक्ति, युवा जागरण, परिवार और समाज में संस्कारों की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा होगी। शाम को 24 हजार दीपों के एक साथ प्रज्वलित किए जाने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

कार्यक्रम में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के अलावा योगगुरु स्वामी रामदेव, स्वामी चिदानंद सरस्वती, शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज समेत कई प्रमुख संतों के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और अन्य राजनीतिक हस्तियों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।

गायत्री परिवार के संस्थापक विचारों और माता भगवती देवी शर्मा के योगदान को स्मरण करते हुए आयोजित यह शताब्दी समारोह सामाजिक चेतना, आध्यात्मिक विकास और जनकल्याण के संकल्पों को आगे बढ़ाने पर केंद्रित है।