उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले के धरासू क्षेत्र में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर रूरवासा के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे नदी किनारे जा गिरी। हादसे में कार सवार व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और दुर्गम परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाकर मृतक का शव वाहन से बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार 20 नवंबर को धरासू क्षेत्र के रूरवासा के पास वाहन दुर्घटना की सूचना चिन्यालीसौड़ पुलिस चौकी के माध्यम से एसडीआरएफ को मिली। बताया गया कि एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे नदी किनारे जा गिरी है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट चिन्यालीसौड़ से टीम उप निरीक्षक के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने देखा कि कार सड़क से काफी नीचे नदी किनारे दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ी थी। वाहन में एक व्यक्ति सवार था, जिसकी हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण मौत हो चुकी थी। घटनास्थल की परिस्थितियां कठिन होने के बावजूद एसडीआरएफ के जवानों ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया और शव को सुरक्षित बाहर निकाला।

मृतक की पहचान बरफिया लाल निवासी तुनाल्का, नौगांव क्षेत्र, उत्तरकाशी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह नौगांव ब्लॉक में शिक्षक थे। रेस्क्यू के बाद शव को अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने शव को पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ भेजा।

हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय कार में केवल एक ही व्यक्ति सवार था। वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे कैसे गिरा, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। धरासू थाना पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।