हरिद्वार। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में हरिद्वार में 21 और 22 नवंबर को पार्टी की विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में संगठन की अब तक की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और पार्टी की कार्ययोजना पर मंथन होगा। इसमें केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे।

बैठक हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में आयोजित की जा रही है। शनिवार, 21 नवंबर को पार्टी के विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों की कार्यसमिति बैठकें होंगी। इनमें संगठन की ओर से अब तक चलाए गए कार्यक्रमों और वर्तमान में जारी गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और चुनाव में विभिन्न मोर्चों की भूमिका तय करने पर चर्चा होगी। पहले दिन पार्टी पदाधिकारियों और संगठन के प्रमुख कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों के लिए दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।

कार्यसमिति बैठक के दूसरे दिन रविवार, 22 नवंबर को विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति का मुख्य सत्र आयोजित होगा। इसमें केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति, चुनावी तैयारियों और प्रदेशभर में पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर चर्चा की जाएगी।

भाजपा नेताओं के अनुसार, यह बैठक आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। पार्टी का लक्ष्य कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देकर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की दिशा में काम करना है।