News : लॉरेंस बिश्नोई के करीबी सहयोगी गोल्डी बराड़ के खिलाफ एफबीआई (FBI) ने अपना शिकंजा और कस दिया है। अमेरिका की इस जांच एजेंसी ने गोल्डी बराड़ का नाम अपने 10 सबसे वांछित (मोस्ट वांटेड) भगोड़ों की लिस्ट में शामिल कर लिया है।
इस सूची में नाम आने के बाद अब गोल्डी बराड़ की कानूनी और आर्थिक मुश्किलें काफी बढ़ने वाली हैं। उस पर कई अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध लागू हो जाएंगे, जिससे उसकी आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगेगी और उसके जल्द गिरफ्तार होने की संभावना भी बढ़ गई है।
News : सुराग देने वाले को मिलेगा 1 मिलियन डॉलर का इनाम
एफबीआई ने सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को आधिकारिक तौर पर ‘टॉप 10 मोस्ट वांटेड’ भगोड़ों की फेहरिस्त में जगह दी है। एजेंसी ने घोषणा की है कि बराड़ की गिरफ्तारी में मददगार साबित होने वाली कोई भी पुख्ता जानकारी देने वाले व्यक्ति को 1 मिलियन डॉलर (10 लाख डॉलर) तक की इनामी राशि दी जाएगी।
News : उत्तरी अमेरिका में संभालता है गिरोह की कमान
जांच एजेंसी के मुताबिक, बराड़ पर ‘लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप’ (OCG) के उत्तरी अमेरिकी हिस्से का प्रमुख होने का आरोप है। यह एक अंतरराष्ट्रीय क्राइम सिंडिकेट है, जो अमेरिका और कनाडा में हत्या, रंगदारी (जबरन वसूली), ड्रग्स की तस्करी और कई अन्य हिंसक वारदातों को अंजाम देने के लिए कुख्यात है।
News : कनाडा की एजेंसियों ने भी रखा है भारी इनाम
एफबीआई की यह कार्रवाई अमेरिका और कनाडा की सुरक्षा एजेंसियों द्वारा बराड़ को दबोचने के लिए चलाए जा रहे संयुक्त अभियान का हिस्सा है। इससे पहले 19 नवंबर को कनाडा ने भी बराड़ का सुराग देने पर 2,50,000 डॉलर तक के इनाम का ऐलान किया था। इसके अलावा, कनाडा के ‘बोलो प्रोग्राम’ (Bolo Program) के तहत जारी 25 सबसे वांछित अपराधियों की ताजा सूची में उसे पहले स्थान पर रखा गया है।
News : कई गंभीर संघीय अपराधों में है वांछित
एफबीआई के अनुसार, बराड़ कई गंभीर संघीय मामलों में आरोपी है। इनमें जबरन वसूली के माध्यम से व्यापारिक गतिविधियों में बाधा डालने की साजिश रचने और नशीले पदार्थों की तस्करी व वितरण की योजना बनाने जैसे आरोप शामिल हैं। उस पर विभिन्न देशों में ‘बिश्नोई गैंग’ के नेटवर्क को ऑपरेट करने में सहायता करने का भी आरोप है।
News : गिरफ्तारी हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: एफबीआई
एफबीआई के लॉस एंजिल्स फील्ड ऑफिस के असिस्टेंट डायरेक्टर इन चार्ज पैट्रिक ग्रैंडी ने इस मामले पर कहा, “सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ एक बेहद खतरनाक अपराधी है। उसे कानून के शिकंजे में लाना एफबीआई और हमारे सहयोगी देशों की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से हम उसे अपनी ‘टॉप 10 भगोड़ों’ की सूची में जोड़ रहे हैं और उसकी गिरफ्तारी के लिए 1 मिलियन डॉलर तक के इनाम की घोषणा कर रहे हैं।”
News : लॉरेंस बिश्नोई का सबसे खास गुर्गा
दाखिल किए गए आरोप-पत्र में बताया गया है कि बराड़, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के सबसे विश्वसनीय साथियों में शामिल रहा है। बिश्नोई पर भारत की जेल में बंद रहते हुए भी अपना आपराधिक साम्राज्य चलाने का आरोप है। दस्तावेजों के अनुसार, बिश्नोई जेल के भीतर से ही अवैध मोबाइल फोन और इंटरनेट का इस्तेमाल कर बराड़ जैसे गुर्गों को आपराधिक वारदातों के निर्देश देता था।
एफबीआई का कहना है कि बिश्नोई का यह सिंडिकेट एक वैश्विक नेटवर्क की तरह काम करता है, जो सुपारी लेकर हत्या (टारगेट किलिंग), फायरिंग, अपहरण, रंगदारी, मारपीट और हथियारों व ड्रग्स की तस्करी जैसे संगीन अपराधों में लिप्त है।
Also Read : News : दुबई से चल रहे साइबर धोखाधड़ी रैकेट का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड सहित सात लोग गिरफ्तार
