देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में 14 लाख रुपये की लूट के मामले में बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी के बाद विवाद बढ़ता जा रहा है। बजरंग दल ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग की है। संगठन ने आरोप लगाया है कि सिद्धांत बड़ोनी को साजिश के तहत झूठे मुकदमे में फंसाया गया है। साथ ही पुलिस पर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना करने के गंभीर आरोप भी लगाए हैं।

रेसकोर्स स्थित विश्व हिंदू परिषद कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बजरंग दल के क्षेत्रीय संयोजक अनुज वालिया ने कहा कि सिद्धांत बड़ोनी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया। संगठन का आरोप है कि उसे जंगल में ले जाकर एनकाउंटर की धमकी दी गई और कपड़े उतारकर मारपीट की गई। पदाधिकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

प्रेसवार्ता में संगठन की ओर से पुलिस द्वारा जारी सीसीटीवी फुटेज और लूट की घटना के खुलासे पर भी सवाल उठाए गए। बजरंग दल के पदाधिकारियों का दावा है कि घटना के समय सिद्धांत ही घायलों को अस्पताल लेकर गया था। इसके बावजूद उसे लूट के मामले में आरोपी बनाया गया। संगठन ने आरोप लगाया कि पुलिस वास्तविक आरोपितों को बचाकर सिद्धांत को फंसाने का प्रयास कर रही है।

बजरंग दल ने एलान किया कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक न्याय की मांग को लेकर मोहल्ले से लेकर पूरे उत्तराखंड तक आंदोलन किया जाएगा। प्रेसवार्ता में प्रांत संयोजक पूरण जोशी समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, 7 नवंबर को पटेलनगर क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास प्लॉट के सौदे की रकम लेकर जा रहे लोगों से 14 लाख रुपये की लूट हुई थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए सात आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद बुधवार को गुप्तकाशी से बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ोनी को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, उसके कब्जे से लूट की रकम में से 40 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।

फिलहाल इस मामले में पुलिस की कार्रवाई और बजरंग दल के आरोपों के बीच विवाद गहराता जा रहा है। अब सभी की नजरें मामले की आगे की जांच और सामने आने वाले तथ्यों पर टिकी हैं।