नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में कैंची धाम के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां निगलाट क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी पांचों युवक उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले थे और कैंची धाम में दर्शन के लिए आए थे।
जानकारी के अनुसार, बरेली से पांच युवक कार में सवार होकर कैंची धाम दर्शन के लिए पहुंचे थे। बुधवार देर रात करीब एक बजे कैंची धाम के पास निगलाट क्षेत्र में उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
सूचना पर भवाली के पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय सिंह, कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा पुलिस टीम और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने खाई में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। दुर्गम क्षेत्र होने के बावजूद टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी पांचों युवकों को बाहर निकाला।
हादसे में संदीप शर्मा पुत्र राजकुमार शर्मा, निवासी मनकापुर, थाना भुता, बरेली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अनुज तिवारी (29), निवासी शेखरपुर, बरेली, सनी (23), निवासी मनकापुर, रवि और संचित तिवारी (26), निवासी शेखरपुर, हादसे में घायल हो गए। बताया गया कि कार अनुज तिवारी चला रहा था।
पुलिस ने सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर रात के समय वाहन चलाने के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत को रेखांकित किया है।
