News : जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में गुरुवार तड़के दो लापता स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPO) के गोलियों से छलनी शव मिले हैं। दोनों जवान बुधवार से ही लापता चल रहे थे। प्रशासनिक अधिकारियों ने जानकारी दी कि इनके शव दुर्गम दच्छन क्षेत्र से बरामद किए गए हैं।

शहीद जवानों की शिनाख्त 57 वर्षीय बाबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार के तौर पर की गई है। दोनों स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) का हिस्सा थे और दच्छन के कियार गांव में तैनात थे। अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार को ये दोनों अपने कैंप से निकलकर धरना-मरवाह स्थित सेना की चौकी की तरफ जा रहे थे, तभी रास्ते में वे लापता हो गए।

News : सर्विस हथियार भी लापता

जवानों के शव मिल जाने के बावजूद उनकी सर्विस राइफलें मौके से गायब हैं। हथियारों के गायब होने से इस वारदात के पीछे आतंकियों की संलिप्तता का गहरा अंदेशा जताया जा रहा है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले की तफ्तीश में जुटी हैं। जिस क्षेत्र से ये जवान लापता हुए थे, उसे आतंकियों की सक्रियता वाला इलाका माना जाता है।

गौरतलब है कि इससे पहले बुधवार रात को श्रीनगर से सटे गांदरबल इलाके में भी आतंकियों के एक समूह की मौजूदगी की खबर मिली थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने संदिग्ध ठिकानों की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया।

Also Read : News : CRPF कैंप पर आतंकी हमले में तीन जवान घायल, सुरक्षाबलों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन