News : हाल ही में माइक्रोसॉफ्ट 365 (Microsoft 365) की सेवाएं बाधित होने के कारण वैश्विक स्तर पर कारोबार और कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस तकनीकी व्यवधान (outage) के चलते दुनिया भर में कई उड़ानें भी रद्द करनी पड़ी हैं।
बीती 12 नवंबर की रात से शुरू हुई इस तकनीकी समस्या के कारण वैश्विक स्तर पर लाखों यूजर्स आउटलुक ईमेल, टीम्स मीटिंग प्लेटफॉर्म और अन्य जरूरी ऑफिस टूल्स का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।
इस समस्या का असर केवल अमेरिका तक सीमित नहीं रहा, बल्कि भारत, जापान और अन्य कई देशों में भी बैंक, निजी संस्थान, सरकारी विभाग और अदालती कामकाज पर इसका गहरा असर देखा गया है।
News : आउटेज के पीछे की वजह पर क्या बोले अधिकारी?
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं ठप होने के बाद सोशल मीडिया पर अटकलों का बाज़ार गर्म हो गया। लोगों ने इसके पीछे अलग-अलग कारण बताने शुरू कर दिए। कई यूज़र्स इसे एक खतरनाक साइबर अटैक बता रहे थे, तो कुछ का मानना था कि किसी अनियंत्रित (rogue) AI एजेंट की वजह से यह सिस्टम ठप हुआ है।
हालाँकि, कंपनी ने इन सभी वायरल दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। माइक्रोसॉफ्ट का स्पष्ट कहना है कि इस घटना के पीछे किसी भी तरह के साइबर हमले का कोई सबूत नहीं मिला है।
माइक्रोसॉफ्ट में कोपायलट, एजेंट्स और प्लेटफॉर्म के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट, चार्ल्स लैमन्ना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “हमें खेद है कि इस तकनीकी खराबी की वजह से हमारे उपभोक्ताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। हम इस समस्या को पूरी तरह से ठीक करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।”
चार्ल्स लैमन्ना ने आगे स्पष्ट किया, “जैसे-जैसे हमारे पास नई जानकारियां आएंगी, हम उन्हें साझा करेंगे। फिलहाल, मैं यह कह सकता हूँ कि ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है जिससे यह साबित हो कि यह किसी दुर्भावनापूर्ण गतिविधि या साइबर हमले का परिणाम है।”
News : समस्या के समाधान में जुटी माइक्रोसॉफ्ट की टीम
माइक्रोसॉफ्ट 365 की इस बाधा को दूर करने के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में कंपनी ने बताया कि सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जो बदलाव किए गए थे, वे उम्मीद के मुताबिक परिणाम नहीं दे पाए।
कंपनी ने यह भी जानकारी दी कि वे ऐसे वैकल्पिक उपायों पर काम कर रहे हैं, जिससे ट्रैफिक असंतुलन से निपटने के लिए सिस्टम की क्षमता को बढ़ाया जा सके।
इस संबंध में अधिक अपडेट्स के लिए माइक्रोसॉफ्ट ने यूज़र्स को Microsoft 365 एडमिन सेंटर में EX1550543 और MO1550821 देखने की सलाह दी है। इसके अलावा, एडमिन सेंटर तक पहुँच न होने की स्थिति में कंपनी के आधिकारिक लिंक [https://msft.it/6013xBHsf](https://msft.it/6013xBHsf) का उपयोग किया जा सकता है।
