देहरादून। उत्तराखंड में आगामी जनगणना को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पेपरलेस तरीके से संपन्न कराई जाएगी। जनगणना के दौरान प्रदेश के प्रत्येक घर की पहचान डिजिटल मानचित्र पर दर्ज की जाएगी और उसकी जियो टैगिंग भी होगी। इससे न केवल घरों की सटीक लोकेशन का पता चल सकेगा, बल्कि जनगणना के आंकड़ों की निगरानी भी रियल टाइम में की जा सकेगी। करीब 15 वर्षों के अंतराल के बाद होने जा रही इस जनगणना में पहली बार व्यापक जातिगत गणना भी शामिल की गई है।
जनगणना के लिए प्रदेश में 16 नवंबर से 30 नवंबर तक डिजिटल स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस दौरान राज्य में रहने वाले नागरिक घर बैठे अपने और परिवार के सदस्यों का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर मोबाइल नंबर और ओटीपी के माध्यम से लॉगइन करना होगा। एक मोबाइल नंबर से केवल एक परिवार का पंजीकरण किया जा सकेगा।
40 सवालों के जरिए जुटाई जाएगी जानकारी
स्व-गणना के दौरान परिवार से संबंधित 40 सवालों की अनुसूची भरी जाएगी। इसमें परिवार के सदस्यों के नाम, आयु, लिंग, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, मातृभाषा, साक्षरता और शैक्षणिक योग्यता जैसी जानकारियां मांगी जाएंगी। इसके अलावा रोजगार, कार्यस्थल तक आने-जाने के साधन, दिव्यांगता, जन्मस्थान और पलायन के कारणों से जुड़े सवाल भी शामिल होंगे।
एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
ऑनलाइन स्व-गणना का फॉर्म जमा करने के बाद प्रत्येक परिवार को एक यूनिक सेल्फ एन्यूमरेशन (एसई) आईडी मिलेगी। एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक जनगणना प्रगणक घर-घर पहुंचकर भौतिक सत्यापन करेंगे। इस दौरान नागरिकों को अपनी एसई आईडी दिखानी होगी, जिसके माध्यम से कर्मचारी डिजिटल एप पर पहले से दर्ज जानकारी का सत्यापन कर सकेंगे।
इस अभियान के लिए प्रदेशभर में करीब 35 हजार प्रगणक, पर्यवेक्षक और आरक्षित कार्मिक तैनात किए जाएंगे। जनगणना निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव के अनुसार, डिजिटल स्व-गणना से लोगों को घर बैठे जानकारी दर्ज करने की सुविधा मिलेगी और प्रगणकों का काम भी आसान होगा।
जनगणना की संदर्भ तिथि पांच जनवरी 2027 की मध्यरात्रि निर्धारित की गई है। इस बार डिजिटल मैपिंग और जियो टैगिंग के माध्यम से जनगणना को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और सटीक बनाने की तैयारी है।
