देहरादून। उत्तराखंड में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति से जुड़े संपत्ति विवाद ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने इस मामले को लेकर रेखा आर्या और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मंत्री के पति की ओर से लगाए गए 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति के आरोपों पर सरकार से जवाब मांगा है। साथ ही मुख्यमंत्री की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए हैं।
हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट के माध्यम से कहा कि रेखा आर्या के पति खुद सार्वजनिक रूप से उनकी पत्नी पर 210 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगा चुके हैं। उनका दावा है कि मंत्री के पति ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी विभाग में कथित भ्रष्टाचार की जानकारी दी थी। इसके बावजूद सरकार की ओर से अब तक कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 210 करोड़ रुपये की संपत्ति का मामला सामान्य नहीं है। यदि किसी जनप्रतिनिधि के पास इतनी बड़ी संपत्ति है तो उसके स्रोतों की जांच होनी चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि हल्द्वानी-बरेली रोड पर कथित आलीशान फार्म हाउस और अन्य संपत्तियां किसके नाम पर हैं तथा इन्हें बनाने के लिए धन कहां से आया।
हरीश रावत ने भाजपा सरकार से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड का दावा करने वाली सरकार को आरोपों पर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने रेखा आर्य के साथ-साथ अन्य मंत्रियों पर लगे आय से अधिक संपत्ति के आरोपों का भी जिक्र किया और जांच की मांग दोहराई।
वहीं, इस विवाद के बीच कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने भी हरीश रावत के बयानों पर पलटवार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यकाल से जुड़े विवादों और राजनीतिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन पर निशाना साधा।
रेखा आर्या और हरीश रावत के बीच बढ़ती बयानबाजी से प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार इन आरोपों पर क्या रुख अपनाती है और मामले में जांच को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।
