News : शिक्षण संस्थानों, सरकारी दफ्तरों और न्यायालयों के बाद अब चंडीगढ़ के बैंकिंग संस्थान भी बम की धमकी देने वाले शरारती तत्वों के निशाने पर आ गए हैं। ताजा मामले में बैंक के साथ-साथ मोहाली एयरपोर्ट और मशहूर पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के आगामी कॉन्सर्ट में भी धमाका करने की चेतावनी दी गई है।
गुरुवार सुबह इंडियन बैंक की चंडीगढ़ मुख्य शाखा, जोनल कार्यालय और फील्ड जनरल मैनेजर ऑफिस (FGMO) को बम से उड़ाने की धमकी वाला एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में अफरा-तफरी मच गई।
भेजे गए ईमेल में चंडीगढ़ स्थित बैंक की शाखा में दोपहर 1:11 बजे धमाका करने की बात लिखी गई है। इसके अतिरिक्त, मोहाली एयरपोर्ट को भी रात 9:11 बजे विस्फोट कर उड़ाने की धमकी दी गई है।
12 नवंबर 2026 को सुबह 10:40 बजे ‘ईशा स्मिथ’ नाम की आईडी से भेजे गए इस मेल की सब्जेक्ट लाइन ‘बॉम ब्लास्ट@ इंडियन बैंक चंडीगढ़ ब्रांच 1:11 पीएम’ रखी गई है। इस संदेश में बैंक के अलावा अन्य कई प्रमुख स्थलों को भी निशाना बनाने का जिक्र है।
धमकी भरे इस ईमेल में 12 दिसंबर को मुल्लांपुर स्टेडियम में होने वाले दिलजीत दोसांझ के प्रस्तावित कॉन्सर्ट को भी टारगेट करने का दावा किया गया है। इसमें कार्यक्रम के दौरान आईफोन के जरिए विस्फोट करने की बात कही गई है।
इसके साथ ही, अमिताभ बच्चन के 31 दिसंबर तक ‘जलसा’ जाने और 1984 के दंगों व प्रतिशोध का उल्लेख करते हुए मामले को अधिक संवेदनशील बनाने का प्रयास किया गया है।
ईमेल के आखिरी हिस्से में खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा (परमार-कनाडा) जैसे संगठनों के साथ कुछ लोगों के नाम भी दर्ज हैं। संदेश में आम नागरिकों को दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में शामिल न होने और बच्चों का ध्यान रखने की हिदायत दी गई है।
सड़क पर पड़े किसी भी लावारिस सामान या आईफोन को न छूने की चेतावनी भी दी गई है। बार-बार मिल रही ऐसी धमकियों के बीच बैंक को आए इस ईमेल ने सुरक्षा तंत्र की सतर्कता बढ़ा दी है।
फिलहाल पुलिस और खुफिया विभाग ईमेल की प्रामाणिकता, इसे भेजने वाले की लोकेशन और इसके पीछे छिपे मकसद की पड़ताल कर रहे हैं। धमकी में शामिल सभी संभावित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
Also Read : News : जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में लापता दो SPO के शव मिले, हथियार भी गायब, आतंकी साजिश का अंदेशा
