देहरादून। उत्तराखंड ने देश की रक्षा और सेवा में अपना एक और वीर सपूत खो दिया है। देहरादून के नागनाथ क्षेत्र निवासी भारतीय सेना के अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा लेह में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। उनके निधन की खबर से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रभाकर थापा भारतीय सेना की प्रतिष्ठित 5/3 गोरखा राइफल्स में तैनात थे।
जानकारी के अनुसार, लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा ने 9 नवंबर 2026 को शाम करीब 7:15 बजे लेह में ड्यूटी के दौरान अंतिम सांस ली। हालांकि, उनके निधन के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। देश सेवा के दौरान उनके बलिदान की खबर मिलने के बाद सैन्य अधिकारियों, परिचितों और स्थानीय लोगों ने गहरा दुख जताया है।
पिता से मिली थी देशसेवा की प्रेरणा
वर्ष 1984 में जन्मे प्रभाकर थापा को सेना में जाने की प्रेरणा अपने परिवार से ही मिली थी। उनके पिता निर्मल थापा भारतीय सेना में हवलदार के पद पर सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं। पिता के सैन्य जीवन से प्रेरित होकर प्रभाकर ने भी देश की सेवा करने का संकल्प लिया था।
उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा देहरादून के प्रतिष्ठित कैम्ब्रियन हॉल स्कूल से प्राप्त की। वह वर्ष 2002 बैच के छात्र रहे। स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद 9 दिसंबर 2006 को उन्हें तीसरी गोरखा राइफल्स में कमीशन मिला।
करीब दो दशक तक सेना में दी सेवाएं
लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा का सैन्य करियर करीब दो दशक का रहा। इस दौरान उन्होंने देश के कई दुर्गम और संवेदनशील क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दीं। वह एक अनुभवी सैन्य अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे थे।
उनके परिवार में पत्नी और नौ वर्षीय बेटी हैं। जवान बेटी के सिर से पिता का साया उठने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्रभाकर थापा को देहरादून के टपकेश्वर में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनकी शहादत ने एक बार फिर पूरे उत्तराखंड को शोकाकुल कर दिया है।
