देहरादून। उत्तराखंड में शासन स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने 10 आईएएस (IAS) और 20 पीसीएस (PCS) अधिकारियों के तबादले किए हैं। बुधवार, 11 नवंबर को जारी तबादला आदेश के बाद प्रदेश के प्रशासनिक महकमे में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल के तहत विभिन्न विभागों और जिलों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, आईएएस अधिकारियों में निधि यादव को पंचायती राज निदेशालय की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है। अभिनव शाह को देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी पद से हटाकर पर्यटन विभाग में अपर सचिव और पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। दीपक सैनी को पिथौरागढ़ से देहरादून का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है, जबकि प्रवीण कुमार को पिथौरागढ़ का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा अनामिका को अल्मोड़ा का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। आषिमा गोयल को हल्द्वानी नगर निगम का नगर आयुक्त, दीपक रामचंद्र सेठ को चमोली का मुख्य विकास अधिकारी और राहुल आनंद को उत्तरकाशी का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। वहीं, गौरी प्रभात का स्थानांतरण पौड़ी से रुड़की और दीक्षित जोशी का स्थानांतरण रानीखेत से काशीपुर किया गया है।
पीसीएस अधिकारियों के स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। जीवन सिंह नगन्याल को आयुक्त गन्ना-चीनी काशीपुर की जिम्मेदारी मिली है। अभिषेक त्रिपाठी को पंचायती राज निदेशालय में अपर निदेशक बनाया गया है। रामजी शरण शर्मा को सूचना प्रौद्योगिकी एजेंसी (आईटीडीए) में अपर निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। जय भारत सिंह को शहरी विकास निदेशालय में अपर निदेशक बनाया गया है।
वहीं, श्याम सिंह राणा को देहरादून नगर निगम में अपर नगर आयुक्त, नारायण सिंह नबियाल को चमोली में अपर जिलाधिकारी और विवेक प्रकाश को काशीपुर में अपर आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही पंकज कुमार उपाध्याय को हरिद्वार में कुंभ मेला अधिकारी, नुपुर वर्मा को रुड़की नगर निगम में नगर आयुक्त और कमलेश मेहता को रुद्रप्रयाग में अपर जिलाधिकारी बनाया गया है।
शासन के आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल से प्रदेश के विभिन्न जिलों और विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव होगा।
