हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में गौकशी और गौ-तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान भगवानपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और गौ-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। मंगलवार देर रात हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की ओर से कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भगवानपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिकरौड़ा गांव के पास स्थित एक आम के बाग में कुछ लोग गौकशी की घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में जा लगी। गोली लगने से वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी की पहचान छोटू उर्फ शमशाद निवासी ग्राम हलजोरा, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 36 वर्ष बताई जा रही है।
वहीं, मुठभेड़ के दौरान उसका साथी कालू अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात अभय सिंह और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार, मौके से एक तमंचा और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। साथ ही एक बछड़ा भी मिला है। गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। क्षेत्र में कांबिंग अभियान जारी है और जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
