देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच निर्वाचन आयोग मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची 12 नवंबर को जारी की जाएगी। इसके साथ ही विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (Special Summary Revision- SSR) अभियान की शुरुआत होगी। इस अभियान के तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मतदाता सूची में गलतियों को सुधारने और अपात्र नामों पर आपत्ति दर्ज कराने का मौका मिलेगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, इस बार पुनरीक्षण अभियान के लिए एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि निर्धारित किया गया है। यानी जिन युवाओं की उम्र एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष पूरी हो जाएगी, वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा जिन मतदाताओं के नाम विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान छूट गए हैं, वे भी इस अभियान के तहत अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इसके बाद 28 दिसंबर तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। निर्वाचन आयोग की ओर से चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

इस अभियान में मतदाताओं को नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा, जबकि मतदाता सूची में दर्ज किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 का इस्तेमाल किया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने फॉर्म-7 के दुरुपयोग और बड़ी संख्या में आपत्तियां दर्ज कराने की आशंका को देखते हुए इसकी सीमा भी निर्धारित की है।

नियमों के मुताबिक, दावे और आपत्तियों की निर्धारित अवधि के दौरान कोई भी मतदाता अधिकतम 10 फॉर्म-7 आवेदन प्रस्तुत कर सकेगा। वहीं, मतदाता सूची के नियमित अपडेट की प्रक्रिया के दौरान एक व्यक्ति एक महीने में अधिकतम पांच फॉर्म-7 आवेदन ही जमा कर पाएगा।

इस पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाना है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह प्रक्रिया काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। निर्वाचन आयोग ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांचें और किसी भी तरह की त्रुटि होने पर निर्धारित समय के भीतर सुधार के लिए आवेदन करें।