देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहे विवाद में अब वायरल ऑडियो की सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। विशेष जांच दल (एसआईटी) गिरधारी लाल साहू के वॉयस सैंपल लेने के लिए न्यायालय से अनुमति मांगने की तैयारी कर रहा है। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद उनकी आवाज का नमूना लेकर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) भेजा जाएगा। वहां वायरल ऑडियो में सुनाई देने वाली आवाज से उसका मिलान कराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, एसआईटी दीपावली की छुट्टियों के बाद न्यायालय खुलने का इंतजार कर रही है। इसके बाद जांच टीम गिरधारी लाल साहू का वॉयस सैंपल लेने के लिए अदालत में आवेदन दाखिल करेगी। एसआईटी प्रभारी एसपी देहात जया बलोनी ने बताया कि कोर्ट खुलने के बाद अनुमति के लिए अर्जी दी जाएगी। अदालत के आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने 15 अक्टूबर को देहरादून की कैंट कोतवाली में अपने पति गिरधारी लाल साहू और उनके भतीजे सतेंद्र राठौड़ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने धोखाधड़ी, मारपीट, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। मंत्री ने अपनी शिकायत के समर्थन में एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने रखी थी। इसमें उनके और उनके बच्चों के खिलाफ साजिश रचे जाने की बातचीत होने का दावा किया गया था।
वहीं, गिरधारी लाल साहू ने इन आरोपों को खारिज करते हुए वायरल ऑडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से तैयार की गई फर्जी रिकॉर्डिंग बताया था। ऐसे में ऑडियो की वास्तविकता की पुष्टि के लिए आवाज का वैज्ञानिक परीक्षण महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून पुलिस ने नौ सदस्यीय एसआईटी गठित की थी। जांच के दौरान कई बार नोटिस दिए जाने के बावजूद पूछताछ में शामिल नहीं होने पर पुलिस ने गिरधारी और उनके भतीजे के खिलाफ गैर जमानती वारंट हासिल किया था। इसके बाद एसआईटी ने गिरधारी लाल साहू को झांसी और उनके भतीजे सतेंद्र राठौड़ को बरेली से गिरफ्तार किया था।
अब गिरधारी के वॉयस सैंपल और वायरल ऑडियो की फॉरेंसिक जांच से मामले में अहम तथ्य सामने आने की उम्मीद है। हालांकि, ऑडियो की प्रमाणिकता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
