रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार, 11 नवंबर को भैयादूज के पावन पर्व पर शीतकाल के लिए विधि-विधान के साथ बंद कर दिए गए। सुबह 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के बीच मंदिर के कपाट बंद किए गए। इसी के साथ इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का समापन हो गया। कपाट बंद होने के इस विशेष अवसर पर हजारों श्रद्धालु धाम में मौजूद रहे और बाबा केदार के जयकारों के साथ उन्हें भावुक विदाई दी।

मंदिर के कपाट बंद करने की प्रक्रिया सुबह चार बजे विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुरू हुई। निर्धारित परंपराओं के अनुसार पूजा संपन्न होने के बाद शुभ मुहूर्त में सुबह 8:30 बजे मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस दौरान बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, मंदिर समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रागड़ समेत प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। तीर्थ पुरोहितों, हक-हकूकधारियों और देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी इस धार्मिक आयोजन में भाग लिया।

कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया। इसके बाद बाबा केदार की डोली उनके शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई। डोली की विदाई के दौरान पूरा केदारनाथ धाम ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय श्री केदार’ के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान श्रद्धालु भावुक नजर आए। कई भक्त बाबा की डोली के साथ ही धाम से रवाना हुए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बाबा केदार की डोली बुधवार को पहली रात रामपुर में विश्राम करेगी। इसके बाद 12 नवंबर को गुप्तकाशी पहुंचेगी और 13 नवंबर को ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी। यहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना शुरू होगी।

अब अगले छह महीने तक श्रद्धालु ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे। सर्दियों में केदारनाथ धाम बर्फ की चादर से ढक जाएगा। श्रद्धालुओं को अब वर्ष 2027 में गर्मियों के दौरान कपाट दोबारा खुलने और नई यात्रा शुरू होने का इंतजार रहेगा।