देहरादून। राजधानी देहरादून के राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में शुक्रवार तड़के दो पक्षों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हो गई। इस दौरान धारदार हथियार लहराए जाने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय इमरजेंसी में मरीजों का उपचार चल रहा था। अचानक हुए हंगामे से मरीजों और उनके तीमारदारों में दहशत फैल गई। अस्पताल में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह करीब 4:50 बजे की है। बताया जा रहा है कि अस्पताल के बाहर एसपी सिटी कार्यालय के पास दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद एक पक्ष का व्यक्ति मेडिकल परीक्षण के लिए दून अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचा। कुछ देर बाद दूसरा पक्ष भी वहां पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और विवाद मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि इस दौरान एक युवक दोनों हाथों में चापड़ जैसे धारदार हथियार लेकर इमरजेंसी में पहुंच गया। हथियार लहराए जाने से अस्पताल में मौजूद लोगों में भय का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान दूसरे पक्ष के व्यक्ति पर हमला करने की कोशिश भी की गई। इसके अलावा डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों के साथ अभद्रता और धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है।
सुरक्षा गार्ड ने संभालने की कोशिश की स्थिति
अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्ड ने हंगामा कर रहे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। हालांकि, दोनों पक्षों के बीच विवाद जारी रहने के कारण स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। मरीजों और तीमारदारों की सुरक्षा को देखते हुए इमरजेंसी का मुख्य गेट कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। इससे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे लोगों को भी परेशानी हुई।
घटना के बाद अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इमरजेंसी जैसे संवेदनशील स्थान पर धारदार हथियार लेकर लोगों के पहुंचने से डॉक्टरों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अस्पताल प्रशासन ने घटना का संज्ञान लिया है और पुलिस को शिकायत देने की बात कही है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
