हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में तमंचे के बल पर बाइक और मोबाइल फोन लूटने के मामले में फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी सिडकुल पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर की। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को आनेकी हेतमपुर निवासी पंकज कुमार ने सिडकुल थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि रानीपुर क्षेत्र में नदी के पास चार अज्ञात युवकों ने तमंचा दिखाकर उनकी पल्सर बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने लूट की वारदात में शामिल तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इनमें दीपक, आकाश उर्फ पहाड़ी और सुशांत झड़ियाल उर्फ लक्की शामिल थे। तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। वहीं, मामले का चौथा आरोपी आदित्य वशिष्ठ उर्फ पंडित, उम्र 21 वर्ष, निवासी औरंगाबाद पुलिस की पकड़ से बाहर था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस की ओर से पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस और सीआईयू की टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। बृहस्पतिवार को टीम को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने औरंगाबाद से डालूवाला मजबता की ओर जाने वाले रास्ते पर पुल के पास घेराबंदी कर आरोपी आदित्य वशिष्ठ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस के सामने लूट की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। मामले में पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
