चमोली। कर्णप्रयाग विकासखंड के सकंड गांव के ग्रामीणों के लिए सड़क सुविधा को लेकर राहत की खबर है। सिंद्रवाणी से सकंड तक प्रस्तावित 9.5 किलोमीटर मोटर मार्ग के प्रथम चरण को शासन से प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी मिल गई है। सड़क निर्माण की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। शासन ने प्रथम चरण के लिए 15.68 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है।
स्वीकृति के बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क के सर्वेक्षण और अन्य प्रारंभिक कार्यवाही शुरू करने की तैयारी की जा रही है। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में फिलहाल 10 हजार रुपये खर्च के लिए प्रावधान किया गया है। विभाग को सड़क की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर आगे की वित्तीय स्वीकृति के लिए शासन को भेजनी होगी। निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का पालन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सकंड गांव में सड़क सुविधा लंबे समय से ग्रामीणों की प्रमुख मांग रही है। सड़क निर्माण में देरी से नाराज ग्रामीणों ने हाल ही में खुद श्रमदान कर सड़क काटने का काम शुरू किया था। ग्रामीणों ने गेती, फावड़े और कुदाल लेकर करीब 40 मीटर सड़क तैयार की थी। इसके बाद मामला सामने आने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसका संज्ञान लिया और अधिकारियों को सड़क निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद राजस्व, वन विभाग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने सकंड गांव पहुंचकर मौके का निरीक्षण भी किया था। टीम ने सड़क निर्माण से जुड़ी आवश्यक कार्रवाई तेज करने और तीन माह के भीतर प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया था।
सिंद्रवाणी-सकंड मोटर मार्ग बनने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। सड़क संपर्क बेहतर होने से क्षेत्र के लोगों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। इसके साथ ही स्थानीय कृषि और अन्य उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में भी मदद मिल सकती है। प्रथम चरण को मिली मंजूरी के बाद अब सड़क निर्माण की अगली प्रक्रियाओं पर ग्रामीणों की नजर है।
