हरिद्वार। उत्तराखंड एसटीएफ ने हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में वर्ष 2024 में हुए हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को उत्तर प्रदेश के बागपत से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सौरव उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है। वह कनखल थाने में दर्ज हत्या के मुकदमे में वांछित था। एसटीएफ की टीम ने सूचना तंत्र और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार किया।

मामला वर्ष 2024 में कनखल क्षेत्र स्थित श्रद्धा भक्ति आश्रम में हुई हत्या से जुड़ा है। यहां करीब 73 वर्षीय विशम्बर दास, जो गुरुजी महंत गोविंद दास के शिष्य थे, की हत्या कर दी गई थी। जांच के दौरान पुलिस के सामने इस मामले में कुल छह आरोपियों के नाम सामने आए थे। इनमें से चार आरोपियों को हरिद्वार पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि सौरव उर्फ बिट्टू और एक अन्य आरोपी लगातार फरार चल रहे थे।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उनके घरों की कुर्की की कार्रवाई भी की थी। वहीं, सौरव उर्फ बिट्टू की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसटीएफ की टीम लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी थी और संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटा रही थी।

एसटीएफ के अनुसार, टीम को आरोपी के बागपत में मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए बागपत जिले के दोघट थाना क्षेत्र के टीकरी गांव में दबिश दी और सौरव उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ कनखल थाने में हत्या समेत भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में उसकी भूमिका और फरारी के दौरान उसके ठिकानों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं।

You missed