देहरादून। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को एक स्थानीय होटल में बालाजी प्रोडक्शन के बैनर तले बनी गढ़वाली फीचर फिल्म “बीरा” का ट्रेलर, म्यूजिक और पोस्टर लॉन्च किया। इस दौरान उन्होंने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रभावी जरिया भी है।
सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड की हिमालयी चोटियां, हरे-भरे जंगल, नदियां, झीलें, घाटियां और गांव फिल्म निर्माताओं के लिए किसी प्राकृतिक स्टूडियो से कम नहीं हैं। राज्य सरकार उत्तराखंड को फिल्म शूटिंग के लिए आकर्षक और सुविधाजनक डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अधिक से अधिक फिल्मों, वेब सीरीज और अन्य ऑडियो-विजुअल प्रोजेक्ट्स की शूटिंग होने से उत्तराखंड की खूबसूरती को देश-विदेश में पहचान मिलेगी। साथ ही स्थानीय युवाओं, कलाकारों, तकनीशियनों, होटल कारोबारियों, परिवहन क्षेत्र और उद्यमियों के लिए रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
फिल्म “बीरा” पहाड़ के सरल जीवन और बदलते समय के बीच खड़े लोगों की भावनाओं को दर्शाती है। कहानी में सपनों, रिश्तों और अपनी जड़ों से जुड़े रहने के संघर्ष को प्रमुखता से दिखाया गया है। फिल्म में शिवानी भंडारी, नियो फर्स्वाण और सूरज कोटनाला समेत कई प्रतिभाशाली कलाकारों ने अभिनय किया है।
महाराज ने कहा कि “बीरा” पहाड़ की मिट्टी, रिश्तों की गर्माहट और अपनी जड़ों से जुड़े रहने की भावना को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने वाली सिनेमाई यात्रा है। उन्होंने विश्वास जताया कि फिल्म दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ उन्हें अपनी संस्कृति और मिट्टी से जुड़ाव का एहसास भी कराएगी।
इस मौके पर लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी समेत कई कलाकार और फिल्म से जुड़े लोग मौजूद रहे।
