देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून में प्रेसवार्ता की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में अभियान के तहत राष्ट्रीय स्तर पर तय सभी प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प से जुड़ने की अपील की।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने की यात्रा देश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस दौरान केंद्र सरकार की योजनाओं से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के तहत प्रदेशभर में सेवा शिविर लगाए जाएंगे। युवाओं और आमजन के साथ संवाद कार्यक्रम होंगे। सभी जिलों में ‘जन-जन की सरकार’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनकी जिम्मेदारी संबंधित प्रभारी मंत्रियों को दी जाएगी। अभियान के दौरान ‘विकसित भारत 2047’ के तहत कलश यात्रा भी निकाली जाएगी।
अभियान के प्रमुख कार्यक्रमों में ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ और ‘आंगन मिलन सेवा’ शामिल हैं। शिक्षण संस्थानों में प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के कार्यकाल पर प्रतियोगिताएं और चित्र प्रदर्शनी आयोजित की जाएंगी। वहीं स्कूलों में देश की उपलब्धियों पर आधारित नाटक भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
सीएम धामी ने कहा कि अभियान में समाज के सभी वर्गों को जोड़ा जाएगा। गंगा तट, मेडिकल कॉलेज, बड़े बांध, स्मार्ट इंडस्ट्रियल सिटी और एम्स के सैटेलाइट संस्थानों समेत विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे।
