देहरादून। वन अनुसंधान संस्थान (FRI) देहरादून में केंद्रीय अकादमी राज्य वन सेवा के 38वें बैच का प्रशिक्षण पूरा होने पर गुरुवार को दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह के साथ देश को 28 नए राज्य वन सेवा अधिकारी मिले। 2024-2026 बैच में शामिल अधिकारियों ने सफलतापूर्वक अपना प्रशिक्षण पूरा किया।
इस बैच की खास बात यह रही कि इसमें 12 महिला अधिकारी भी शामिल हैं। प्रशिक्षित अधिकारियों में छत्तीसगढ़ के चार, कर्नाटक के 17, मध्य प्रदेश के छह और उत्तर प्रदेश के एक अधिकारी शामिल हैं। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को वन प्रबंधन, वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण से जुड़े विभिन्न विषयों का व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया।
दीक्षांत समारोह का आयोजन एफआरआई के सभागार में किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण, नई दिल्ली के अध्यक्ष एवं भारतीय वन सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारीवीरेंद्र आर. तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अन्य वरिष्ठ अधिकारी और अतिथि भी समारोह में मौजूद रहे।
केंद्रीय अकादमी राज्य वन सेवा की स्थापना वर्ष 1981 में हुई थी। इसका मुख्य उद्देश्य विभिन्न राज्यों से चयनित राज्य वन सेवा अधिकारियों को प्रशिक्षण देना और उन्हें वन प्रशासन एवं प्रबंधन के लिए तैयार करना है। अकादमी देहरादून के न्यू फॉरेस्ट परिसर में स्थित है।
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अब ये अधिकारी अपने-अपने राज्यों में वन एवं वन्यजीव संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालेंगे। अधिकारियों के सामने बदलती जलवायु परिस्थितियों, वनाग्नि, मानव-वन्यजीव संघर्ष और जैव विविधता संरक्षण जैसी चुनौतियां भी महत्वपूर्ण रहेंगी।
दीक्षांत समारोह में अधिकारियों के प्रशिक्षण पूर्ण होने पर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं और देश के वन एवं पर्यावरण संरक्षण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया गया। 28 नए अधिकारियों के शामिल होने से विभिन्न राज्यों की वन सेवाओं को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
