देहरादून। उत्तराखंड सरकार प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जल्द ही मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा देने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026 का शुभारंभ करेंगे। योजना का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और बेहतर अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है।

इस योजना का लाभ राज्य के विश्वविद्यालयों और शासकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को मिलेगा। इसके तहत युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन माध्यम से विशेषज्ञ मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

योजना के अंतर्गत यूपीएससी और पीसीएस जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं, सीडीएस, बैंकिंग, रेलवे और एसएससी समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इसके अलावा कैट, मैट, गेट, नेट और सीएसआईआर नेट जैसी प्रवेश और पात्रता परीक्षाओं को भी योजना में शामिल किया गया है।

सरकार का कहना है कि योजना से उन विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा, जो आर्थिक कारणों से निजी संस्थानों की महंगी कोचिंग नहीं ले पाते हैं। ऑनलाइन सुविधा होने के कारण विद्यार्थी अपने घर से ही पढ़ाई कर सकेंगे। खासतौर पर दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं के लिए यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

सरकार की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें रोजगार की दिशा में आगे बढ़ने में मदद करना है। योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध हो सकेगी। मुख्यमंत्री के शुभारंभ के बाद योजना के संचालन और आवेदन से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।